उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन का नहीं खुलेगा खाता : केशव प्रसाद मौर्य

हरदोई/संभल, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में “इंडी गठबंधन” का खाता नहीं खुलेगा। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे दलों ने यह गठबंधन बना लिया।

उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ही “लड़के” यूपी में जीरो पर आउट होने वाले हैं। जनता ने कमल खिलाने का मन एक बार फिर से बना लिया है। हरदोई भगवान नृसिंह, वामन और प्रह्लाद की धरती है और यहां की हुंकार पूरे देश में जाती है। यह चुनाव साधारण नहीं है। पीढ़ियों की मजबूती इसी चुनाव से तय होगी।

उन्होंने कहा कि 400 पार का नारा सुनते ही विपक्षी दलों की जमीन खिसकने लगती है। यूपी के दो “लड़कों” ने 2017 में जोड़ी बनाई थी, जो पूरी तरह फ्लॉप रही। लोकसभा चुनाव में 2019 के सपा-बसपा का गठबंधन था और तब गठबंधन वालों के दावे के उलट जनता ने मोदी जी को ही अपना आशीष प्रदान किया। अबकी बार फिर से फ्लॉप जोड़ी मैदान में है। जनता सपा-कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर देगी।

उन्होंने आगे कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाने वाले राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने संसद में कहा था कि वे एक रुपय भेजते हैं तो लाभार्थी तक 15 पैसे पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 34 लाख करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे और एक-एक रुपया सीधे गरीब के खाते में पहुंचा। देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है, लेकिन सपा-बसपा वाले राशन बेचकर अपनी तिजोरियां भर लेते थे। इन्होंने जनता के हक पर केवल डाका डालने का काम किया है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More