बिहार : पूर्व सांसद बुलो मंडल राजद छोड़कर जदयू में हुए शामिल, नीतीश ने किया स्वागत

पटना, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने गुरुवार को राजद छोड़कर जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली।

जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंडल को जदयू की सदस्यता दिलायी। उनके साथ उनके कई समर्थकों ने भी जदयू की सदस्यता ग्रहण की।

मंडल के जदयू में आने का मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भी स्वागत किया। जदयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मंडल ने कहा कि राजद अब वह राजद नहीं रही, जहां सामाजिक न्याय की बात की जाती थी। राजद अब बदल चुकी है। राजद को अब पुराने लोगों की जरूरत नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। राजद में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है जबकि जदयू में सबकी बातें सुनी जाती है।

मंडल का स्वागत करते हुए जदयू नेता ललन सिंह ने उन्हें जमीनी नेता बताया। उन्होंने कहा कि इनके आने से पार्टी और मजबूत होगी।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More