मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों पर थम गया प्रचार, 19 अप्रैल को मतदान

भोपाल, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में पहले चरण के चुनाव का प्रचार थम गया है। राज्य की छह संसदीय सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है, प्रचार के अंतिम दिन सभी राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंकने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अधिकांश स्थानों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि राज्य में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में छह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मण्डला, बालाघाट और छिंदवाड़ा में 19 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होना है। बालाघाट संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र बैहर, लांजी और परसवाड़ा के सभी मतदान केंद्रों में सुबह 7 से दोपहर 4 बजे तक मतदान होगा।

राजन ने बताया कि मतदान शुरू होने के डेढ़ घंटे पहले सुबह 5.30 बजे मॉकपोल की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। यह प्रक्रिया प्रत्याशी या उसके अधिकृत एजेंट की उपस्थिति में होगी। यदि कोई प्रत्याशी या उसका एजेंट तय समय पर केंद्र पर उपस्थित नहीं होता है तो 15 मिनट तक उसका इंतजार किया जाएगा। इसके बाद मतदान दलों और अन्य सदस्यों की उपस्थिति में मॉकपोल की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। न्यूनतम 50 वोट से मॉकपोल किए जाने का प्रावधान है, जिसमें नोटा भी शामिल होगा। मॉकपोल की प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व बैलेट यूनिट एवं वीवीपीएटी को वीवीपीएटी कम्पार्टमेंट में रखा जाएगा। कंट्रोल यूनिट को पीठासीन अधिकारी की टेबल या मतदान अधिकारी के टेबल पर रखना होगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय के 48 घंटे से पहले से चुनाव प्रचार बंद करने का प्रावधान है। इतना ही नहीं बाहरी व्यक्ति को क्षेत्र को छोड़ना होता है।

बता दें कि छह संसदीय क्षेत्रों में तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं के अलावा उम्मीदवारों ने जनसभाएं की और अपनी नीतियों, अब तक के कामकाज के ब्यौरे के साथ चुनावी घोषणा पत्र की भी चर्चा की। राज्य में लोकसभा की 29 सीटें हैं, जिनमें चार चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More