नालंदा पहुंचे नीतीश ने एनडीए प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार के पक्ष में किया रोड शो

 

नालंदा :  लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहली बार चुनावी दौरे पर नालंदा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एनडीए प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार के पक्ष में रोड शो किया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही एनडीए कार्यकर्ता देवीसराय चौक के पास जुटना शुरू हो गए थे। ढोल नगाड़े और हाथों में फूल माला लिए कार्यकर्ताओं ने निश्चय रथ पर सवार होकर पहुंचे नीतीश कुमार का स्वागत किया। इसके बाद नीतीश ने एनडीए प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार के पक्ष में 17 नंबर तालाब से बिहार शरीफ के अंबेडकर चौराहा स्थित देवीसराय तक रोड शो किया। बाद में वह नवादा की ओर प्रस्थान कर गए। इस दौरान उनके साथ मंत्री विजय चौधरी समेत अन्य मंत्री भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन और रोड शो को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे रास्ते में जगह-जगह पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था। जिले के आलाधिकारी सुरक्षा की मॉनिटरिंग कर रहे थे।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद जिले में बड़े नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसके पूर्व भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य ने इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं को यहां संबोधित किया था।

नालंदा में लोकसभा का चुनाव सातवें यानी अंतिम चरण में एक जून को है। नालंदा में मुख्य मुकाबला एनडीए प्रत्याशी के रूप में तीन बार से नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार और इंडिया गठबंधन के पालीगंज से विधायक संदीप सौरभ के बीच है। दोनों ही प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने में लगे हैं।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More