लोकसभा चुनाव के लिए गौतमबुद्ध नगर जिले में बनाए गए 1,852 बूथ, मतदाताओं की संख्या 18.82 लाख

नोएडा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में बनाए गए सभी 1,852 बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पैरामिलिट्री, पीएसी एवं लोकल पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से सभी बूथों पर वीडियोग्राफी, वेब कास्टिंग एवं फोटोग्राफी आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। लोकसभा चुनाव के लिए जनपद की मतदाता सूची फाइनल कर दी गई है, अब मतदाता सूची में ना ही कोई नाम जोड़ा जाएगा और ना ही काटा जाएगा। जनपद में अब तक कुल 18,82,177 मतदाता हैं।

उन्होंने बताया कि इसमें 61-नोएडा के 4,37,812 पुरुष, 3,45,047 महिला, 13 ट्रांसजेंडर, 62-दादरी के 3,97,652 पुरुष, 3,31,757 महिला, 72 ट्रांसजेंडर, 63-जेवर के 2,00,082 पुरुष, 1,69,725 महिला, 17 ट्रांसजेंडर मतदाता सम्मिलित हैं।

अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए जनपद में कुल 1,852 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 61-नोएडा में 747, 62-दादरी में 707 तथा 63-जेवर में 398 बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए जनपद में कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई है, जिसके टोल फ्री नंबर 1950 पर मतदाता कॉल करके निर्वाचन संबंधी शिकायत, सुझाव या मतदाता सूची में अपना नाम होने एवं अपने बूथ संख्या की भी पुष्टि कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिन्हें अभी तक मतदाता पहचान पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, वो वोटर हेल्पलाइन पर जाकर अपना ई-इपिक कार्ड भी डाउनलोड कर सकते हैं।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More