इंडी अलायंस के आधे नेता जेल और आधे जमानत पर हैं : जेपी नड्डा

बिजनौर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को धामपुर में आयोजित जनसभा में नगीना से पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी ओम कुमार के पक्ष में वोट की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 10 वर्ष पूर्व माफियाओं का राज था। पहले यू का मतलब उत्पीड़न और पी का मतलब पक्षपात होता था। भाजपा सरकार में यू का मतलब उम्मीद और पी का मतलब प्रगति है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व और सीएम योगी के परिश्रम से आज उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन गया है। पहले जातिवाद की सरकारें थीं। अब सबका साथ, सबका विकास की सरकार है। आजकल इंडी गठबंधन बहुत चल रहा है। यह गठबंधन क्या है? यह दो ही चीजों का गठबंधन है, एक तो भ्रष्टाचार बचाओ गठबंधन और दूसरा उन परिवारों की पार्टियां हैं, जिसमें अध्यक्ष भी परिवार का, संसदीय बोर्ड भी परिवार का, महासचिव भी परिवार का और उसमें मंत्री भी परिवार का है।

कांग्रेस पर कोयला सहित कई घोटालों में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तीनों लोकों में घोटाला किया। उन्होंने विपक्षी गठबंधन से जुड़े अखिलेश यादव, लालू यादव, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल सहित दूसरे नेताओं पर भी विभिन्न घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि आप बताइए, राहुल गांधी जमानत पर हैं या नहीं? सोनिया गांधी जमानत पर हैं या नहीं? पी. चिदंबरम जमानत पर हैं या नहीं? आप बताइए, संजय सिंह जमानत पर हैं या नहीं? सब जमानत पर हैं कि नहीं? आप बताइए, अरविंद केजरीवाल जेल में हैं कि नहीं? आप बताइए, कविता जेल में हैं या नहीं? मनीष सिसोदिया जेल में हैं कि नहीं हैं? सत्येंद्र जैन जेल में हैं कि नहीं हैं? ये इंडी एलायंस के नेता आधे जेल में हैं और आधे जमानत पर हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कि यह भाजपा है जो पीएम मोदी के नेतृत्व में देश को आगे ले जाने का काम कर रही है। हम विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़े हैं। हम गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित, दलित, युवा, किसान, महिला सभी की आंखों के आंसू को पोंछकर एक नए भारत को आगे बढ़ाने के काम में लगे हैं।

–आईएएनएस

विमल कुमार/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More