अपने गीत-नृत्य का वीडियो लॉन्च करने के बाद ईडी का सामना करने पहुंचीं झारखंड की कांग्रेस विधायक अंबा

रांची, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद और उनके भाई अंकित राज सोमवार को रांची स्थित ईडी ऑफिस पहुंचे। एजेंसी ने इनके ठिकानों पर पिछले महीने छापेमारी के बाद पूछताछ के लिए समन जारी किया था। इसके पहले विधायक योगेंद्र साव से पूछताछ की जा चुकी है।

एजेंसी के समक्ष हाजिर होने के करीब एक घंटा पहले अंबा प्रसाद ने रांची प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में खुद के नृत्य-गीत का एक वीडियो लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि ईडी के समन पर वह पूछताछ में शामिल होने जा रही हैं। हमने कुछ किया ही नहीं है, इसलिए चेहरे पर शिकन नहीं है।

ईडी ने 12 मार्च को जबरन वसूली, लेवी, अवैध बालू खनन और जमीन पर कब्जा करने की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज करते हुए विधायक अंबा प्रसाद और उनसे जुड़े लोगों के 20 ठिकानों पर छापा मारा था।

तलाशी अभियान के दौरान ईडी के हाथ 35 लाख रुपये, डिजिटल उपकरण, सर्किल कार्यालयों, बैंकों के नकली टिकट, हाथ से लिखी रसीदें, डायरियां, विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज और झारखंड राज्य में अवैध बालू खनन से संबंधित साक्ष्य लगे हैं।

ईडी ने योगेंद्र साव, उनके परिवार के सदस्यों और उनके सहयोगियों के खिलाफ झारखंड के अलग-अलग थानों में दर्ज 15 से अधिक एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की है।

छापेमारी और जांच के दौरान ईडी ने योगेंद्र साव के पुत्र और उनकी करीबियों की कंपनियों हबिकान प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स अष्टभुजी माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स मां अस्टभुजी सेरामिक, वी कनेक्ट इंडिया, लक्ष्मण सेरामिक एंड मिनरल, मेसर्स अंकित राज, मेसर्स योगेंद्र प्रसाद, मेसर्स एसकेएस इंटरप्राइजेज, मिलियन ड्रीम फाउंडेशन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More