राहुल गांधी ने ‘आदिवासी’ को ‘वनवासी’ कहने पर पीएम मोदी को घेरा

 

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के शहडोल में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में इस वक्त दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। एक तरफ कांग्रेस तो दूसरी तरफ भाजपा-आरएसएस है। हम आपको ‘आदिवासी’ कहते हैं और पीएम मोदी आपको ‘वनवासी’ कहते हैं।

राहुल गांधी ने मंच से कहा कि आदिवासी मतलब देश के पहले मालिक, आपका जल, जंगल और जमीन पर पहला हक है। जबकि, वनवासी का मतलब जो लोग जंगल में रहते हैं, उनका न जमीन, न जंगल, न जल पर हक है। जिनके पास कोई अधिकार नहीं है। हमारे लिए आप आदिवासी हो। इस देश के पहले मालिक हो। आपका गौरव भरा इतिहास रहा है। वनवासी शब्द आपकी भाषाई अस्मिता, रहन-सहन, वेशभूषा को मिलाने की कोशिश है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के सीधी पेशाब कांड का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेता आदिवासियों को अपमानित करने का काम करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हिंदुस्तान को 90 अफसर चलाते हैं। इन 90 अफसरों में से एक अफसर आदिवासी है। पूरे देश में आदिवासी आबादी 8 प्रतिशत है। मगर, देश की व्यवस्था चलाने में आपकी भागीदारी नहीं है। अगर बजट में 100 रुपया खर्च होता है, तो आदिवासी अफसर 10 पैसे का निर्णय लेता है। हमारी लड़ाई यही है और यह आपके लिए है।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जीएसटी और नोटबंदी ने छोटे उद्योगों और व्यापारियों को बड़े पैमाने पर नुकसान पंहुचाया है। मोदी सरकार ने मान लिया कि उनकी सरकार रोजगार नहीं दे पा रही है। पीएम मोदी ‘मेक इन इंडिया’ की बात करते हैं लेकिन, जहां देखो ‘मेड इन चाइना’ ही दिखाई दे रहा है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More