जेपी नड्डा ने पार्टी के स्थापना दिवस पर वरिष्ठ नेताओं को किया नमन

नई दिल्ली,6 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन सभी वरिष्ठ नेताओं को सादर नमन किया, जिन्होंने अपने त्याग, समर्पण और परिश्रम से संगठन को राष्ट्रव्यापी विस्तार प्रदान किया। इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव में पार्टी की अभूतपूर्व विजय का भी दावा किया।

जेपी नड्डा ने पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, “भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर अपने सभी वरिष्ठ नेताओं को सादर नमन करता हूं, जिन्होंने अपने त्याग, समर्पण और परिश्रम से संगठन को राष्ट्रव्यापी विस्तार प्रदान किया। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

लोकसभा चुनाव में पार्टी की अभूतपूर्व विजय का दावा करते हुए नड्डा ने आगे कहा कि,” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समस्त भाजपा कार्यकर्ता ‘विकसित भारत निर्माण’ का संकल्प लेकर आम-चुनाव में अभूतपूर्व विजय के पथ पर अग्रसर हैं। विगत 10 वर्षों में मोदी जी की नीतियों से जन-जन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। मां भारती के उत्कर्ष के लिए अपने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने कर्तव्यों की आहुति प्रदान करने का आह्वान करता हूं। “

पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी मुख्यालय पर आज सुबह लगभग 10:15 बजे भाजपा का झंडा भी फहराएंगे।

–आईएएनएस

एसटीपी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More