मप्र में जमा हुए 2 लाख 60 हजार से ज्यादा लाइसेंसी हथियार

भोपाल, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव चार चरणों में होने वाले हैं। चुनाव से पहले लाइसेंसी हथियार जमा कराए जा रहे हैं। अब तक 2 लाख 60 हजार से ज्यादा लाइसेंसी हथियार जमा कराए जा चुके हैं।

लोकसभा निर्वाचन-2024 की आदर्श आचार संहिता 16 मार्च से प्रभावशील है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि पुलिस द्वारा लाइसेंसी शस्त्र एवं विस्फोटक पदार्थों की जब्ती की कार्रवाई लगातार की जा रही है।

राजन ने बताया कि प्रदेश में 2 लाख 60 हजार 74 लाइसेंसी शस्त्र थानों में जमा करा लिए गए हैं। प्रदेश में 22 हजार 306 गैर जमानती वारंटों की तामीली भी हो चुकी है। अब तक 676 शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान अब तक 1,913 अवैध हथियार, 491 कार्टिज एवं दो विस्फोटक पदार्थ जब्त किए गए हैं। साथ ही 1,776 व्यक्तियों पर विभिन्न धाराओं में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 285 अंतर्राज्यीय नाकों एवं 474 आंतरिक नाकों से कड़ी निगरानी की जा रही है। प्रदेश में 787 फ्लाइंग स्क्वॉड (उड़नदस्ता), 783 सर्विलांस टीम (एसएसटी) एवं 59 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) कार्य कर रही हैं।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More