गुमला में मानसिक रूप से विक्षिप्त शख्स ने परिवार के चार लोगों पर कुल्हाड़ी से किया वार, एक की मौत

रांची, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत घाघरा प्रखंड के तेंदार गांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने एक परिवार के चार लोगों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

हमले में परिवार के मुखिया 42 वर्षीय धीरज मुंडा की मौत हो गई। जबकि, उनकी पत्नी बासमती देवी और दो बच्चे दशरथ मुंडा और मुक्ति कुमारी बुरी तरह जख्मी हैं। तीनों को इलाज के लिए गुमला सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हत्या का आरोपी छोटेलाल उरांव वारदात के बाद कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूमता रहा। उसे ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से काबू में किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीणों के अनुसार छोटेलाल उरांव की मानसिक स्थिति अच्छी नहीं है। वह मंगलवार की दोपहर धीरज मुंडा के घर पहुंचा। उस वक्त घर के सभी सदस्य खाना खाकर आराम कर रहे थे। छोटेलाल घर का दरवाजा पीटने लगा। धीरज ने दरवाजा खोला, तो छोटेलाल ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर घर के सभी सदस्यों पर अंधाधुंध प्रहार कर दिया।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More