हमारे वादे और दावे खोखले नहीं, जो कहते हैं, वो करते हैं : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि “हमारे वादे और दावे खोखले नहीं होते। हम जो वादा करते हैं, उसे निभाते हैं और जो कहते हैं, वो करते हैं। यही कारण है कि आज देश की जनता हमारे साथ है। इस बार हम 400 से अधिक सीटें जीतकर इतिहास रचने वाले हैं।”

अलीगढ़ में सांसद सतीश गौतम की नामांकन सभा में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा है, वे तीसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।

सोमवार को अलीगढ़ के विद्या नगर पार्क में आयोजित नामांकन सभा में उन्होंने उपस्थित जनसमूह से सांसद सतीश गौतम को पुनः संसद पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट अलीगढ़ को विकास पथ पर और आगे लेकर जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते आमजन लाभांवित हो रहा है।

डिप्टी सीएम ने कहा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के 80 कमलों की माला पहनेंगे तो उसमें से एक कमल अलीगढ़ का भी होगा। हमने हर वादा पूरा किया है। हमारे दावे खोखले नहीं होते। श्रीराम मंदिर हो या फिर आर्टिकल-370 हटाए जाने का मसला, हमारी सरकार अपने हर फैसले पर अडिग रहती है।”

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और समाज के हर वर्ग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। हमारे सभी प्रत्याशी प्रचंड जीत की ओर अग्रसर हैं।”

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More