भाजपा नेताओं के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम शिवकुमार पर एफआईआर

बेंगलुरु, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक पुलिस ने सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट करने के आरोप में उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और कांग्रेस नेता बी.आर. नायडू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस ने सोमवार को कहा कि एफआईआर बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।

कांग्रेस पार्टी ने कथित तौर पर भाजपा के प्रचार पोस्टरों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया था और सोशल मीडिया पर “अपमानजनक” अभियान चलाया था।

शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। पुलिस ने उनके और बी.आर. नायडू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (ए) (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 504 (जानबूझकर अपमान करना, उकसाना), 506 (आपराधिक धमकी) और 464 (झूठे दस्तावेज बनाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाजपा लीगल सेल के पूर्व सचिव योगेंद्र होदाघट्टा ने कांग्रेस पार्टी के “अपमानजनक” पोस्टरों को लेकर बेंगलुरु में जन प्रतिनिधियों के लिए विशेष अदालत के समक्ष एक निजी याचिका दायर की थी।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के प्रचार पोस्टर की सामग्री को कांग्रेस द्वारा तोड़-मरोड़कर जनता के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने जालसाजी और दो समूहों के बीच नफरत फैलाने के आरोप में जांच के आदेश दिए थे।

–आईएएनएस

एसजीके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More