पूर्व सांसद रामा सिंह ने राजद छोड़ी, कहा – ‘विचारों में संकीर्णता के कारण छोड़ दी पार्टी’ (लीड-1)

पटना, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में पूर्व सांसद रामा सिंह ने मंगलवार को राजद की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के अध्यक्ष लालू यादव को भेजा। उन्होंने इस्तीफा देते हुए कहा कि पार्टी में विचारों की संकीर्णता के कारण पार्टी छोड़ी। कहा जा रहा है कि राजद छोड़ने की वजह वैशाली से उन्‍हें टिकट नहीं मिलना भी मानी जा रही है।

उन्हें टिकट नहीं मिला तो वह पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे। इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। हमने कई बार टिकट नहीं मिलने के बाद भी पार्टी का साथ देने का काम किया है। लेकिन, इस बार हमें लगा कि पार्टी एक विशेष वर्ग की राजनीति कर रही है, इसलिए हम इस पार्टी से अलग हो रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि उनकी पत्‍नी वीणा सिंह अभी भी राष्ट्रीय जनता दल की विधायक हैं। वह महनार विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल से ही जीत कर विधायक बनी थी। सिंह ने इस संबंध में कोई बात नहीं की।

भविष्य के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “हम राजनीति करने वाले लोग हैं। हम लोग किसी न किसी दल में रहकर राजनीति जरूर करेंगे। बहुत जल्द ही इसे लेकर हम निर्णय लेंगे कि हमें क्या करना है।” वैसे माना जाता है कि वह लोजपा (रामविलास) की सदस्यता ले सकते हैं।

लोजपा से वैशाली के सांसद रहे रामा सिंह ने लोजपा छोड़कर राजद का दामन थामा था। उन्होंने लोजपा के उम्मीदवार के तौर पर 2014 में लोकसभा चुनाव जीता था।

उन्होंने राजद के उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह को हराया था। लोजपा के संस्थापक रहे दिवंगत रामविलास पासवान के नजदीकी माने जाने वाले रामा सिंह महनार से विधायक भी रह चुके हैं। उन पर हत्या और अपहरण सहित कई अपराधों का आरोप लगा।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More