दो सहोदर भाइयों का संपत्ति विवाद 19 वर्ष बाद मध्यस्थता से सुलझा

रांची : जिला मध्यस्थता केंद्र के अनुभवी मध्यस्थ एल.के गिरी ने सहोदर भाइयों के बीच 19 वर्षो से चल रहे संपत्ति विवाद को समाप्त कर दिया है।
जिला मध्यस्थता केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार दामोदर नाथ शाहदेव द्वारा अपने सगे भाई बड़ा लाल गोविंद नाथ शाहदेव एवं अन्य (प्रतिवादीगण) के विरूद्ध लेक रोड, हरमू रोड, किशोरगंज, रांची स्थित भूमि 1.25 एकड़ पर मुकदमा ओ.एस. (टाईटल शूट) – 210/2005 दर्ज कराया गया था। समझौता के बाबत दोनों पक्षकारों के बीच कई दौर की वार्ता हुई थी, लेकिन विवाद नहीं सुलझ पा रहा था।
पुनः माननीय न्यायालय के पहल पर समझौता हेतु दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बैठकें हुई, तत्पश्चात शुभचिंतकों दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं तथा मध्यस्थ द्वारा 19 वर्ष पुराने वाद को सुलझा लिया गया। पक्षकारों के बीच यह सहमति बनी कि एम.एस. प्लॉट नम्बर – 1165, 1167, 1168, लेक रोड स्थित भूमि में वादी दामोदर नाथ शाहदेव को 62.80 डिसमिल तथा प्रतिवादीगण बड़ा लाल गोविंद शाहदेव एवं अन्य को 62.80 डिसमिल भूमि मिलेगा, जिसमें दोनों पक्ष अपने-अपने हिस्से की जमीन में अपनी मर्जी से उस भूमि का उपयोग करेंगे। इस बाबत पक्षकारों द्वारा नक्शे की प्रति भी दायर की गयी, जिसमें उनके हिस्से का विवरण दर्ज है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची श्री राकेश रंजन के द्वारा विवाद सुलझने पर दोनों पक्षों को तथा उनके विद्वान अधिवक्ताओं को बधाई दी गयी है।
