लोकसभा चुनाव 2024 : दूसरे चरण का मतदान समाप्त होते ही इन सियासी दिग्गजों की किस्मत हो जाएगी ईवीएम में कैद

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 88 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण के मतदान के बाद कई सियासी दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। इस चरण में भी वीवीआईपी सीटों की संख्या बहुत बड़ी है।

जिन 88 लोकसभा सीटों पर इस चरण में मतदान हो रहा है, उसमें 1,206 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में 89 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होना था, लेकिन, मध्य प्रदेश के बैतूल में बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार के निधन के बाद यहां मतदान की तारीखों में बदलाव किया गया है। यहां तीसरे चरण में मतदान होगा।

इस चरण में जिन वीवीआईपी सीटों पर सबकी नजर टिकी हुई है। उसमें यूपी की अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा, बिहार की किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया, राजस्थान की जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, चित्तौड़गढ़, मध्य प्रदेश की दमोह, खजुराहो, छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव, महाराष्ट्र की अमरावती, वर्धा, यवतमाल-वाशिम, नांदेड़, केरल में वायनाड, तिरुवनंतपुरम, अलापुझ्झा, अट्टिंगल, कर्नाटक में उदुपी चिकमंगलूर, बैंगलोर ग्रामीण, बैंगलोर उत्तर, बैंगलोर दक्षिण, चिक्काबल्लापुर और कोलार, असम की सिलचर, पश्चिम बंगाल की दार्जिलिंग, बालुरघाट सीटें शामिल हैं।

इस चरण के चुनाव में जिन सियासी दिग्गजों की किस्मत दांव है, उनमें राहुल गांधी, गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, वीरेंद्र खटीक, शोभा करंदलाजे, वी मुरलीधरन, अरुण गोविल, वीडी शर्मा, डीके सुरेश, एचडी कुमारस्वामी, राजीव चंद्रशेखर, हेमा मालिनी, ओम बिड़ला, शशि थरूर, भूपेश बघेल, डॉ. महेश शर्मा, नवनीत कौर राणा, दानिश अली, कंवर सिंह तंवर, सुकांत मजूमदार, तेजस्वी सूर्या, राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, रविंद्र सिंह भाटी, वैभव गहलोत जैसे नाम प्रमुख हैं।

इस चरण में केरल की सभी 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। मोदी सरकार के 6 केंद्रीय मंत्रियों के साथ दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की किस्मत भी दांव पर लगी है।

इस बार के चुनाव में इन 88 सीटों में से भाजपा 69 सीटों पर किस्मत आजमा रही है, जबकि कांग्रेस 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, एनडीए के सहयोगी दलों की बात करें तो एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना 3 सीट पर चुनाव लड़ रही है, जेडीयू ने इस चरण के तहत बिहार की 5 सीटों पर हो रहे चुनाव में 4 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा आरएसपीएस 1 सीट और जेडीएस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि, इंडी गठबंधन की तरफ से कांग्रेस के अलावा आरजेडी 2, सपा 4, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 2 सीट, आरसीपी 1, केसीएम एक, एनसीपी 1, उद्धव ठाकरे की शिवसेना चार सीटों पर चुनाव मैदान में है।

–आईएएनएस

जीकेटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More