आपका वोट आपकी आवाज है, रिकॉर्ड संख्या में करें मतदान : पीएम मोदी की अपील

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में हो रहे मतदान के लिए मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खासतौर से युवा और महिला मतदाताओं से बढ़-चढ़कर वोट करने का आह्वान किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “जितना अधिक मतदान होगा, उतना ही मजबूत हमारा लोकतंत्र होगा।”

प्रधानमंत्री मोदी ने हिंदी और अंग्रेजी सहित विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में एक्स पर पोस्ट कर मतदाताओं से वोट अवश्य करने का आग्रह करते हुए कहा, “लोकसभा चुनाव में आज दूसरे चरण की सभी सीटों के मतदाताओं से मेरा विनम्र अनुरोध है कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें। जितना अधिक मतदान होगा, उतना ही मजबूत हमारा लोकतंत्र होगा। अपने युवा वोटर्स के साथ ही देश की नारी शक्ति से मेरा यह विशेष आग्रह है कि वोट डालने के लिए वे बढ़-चढ़कर आगे आएं। आपका वोट आपकी आवाज है!”

आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत देश के 13 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों के 88 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इसमें केरल की सभी 20 लोकसभा सीट शामिल हैं, वहीं कर्नाटक में 14, राजस्थान में 13, उत्तर प्रदेश में 8, महाराष्ट्र में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम में 5, बिहार में 5, छत्तीसगढ़ में 3, पश्चिम बंगाल में 3 और त्रिपुरा, मणिपुर एवं जम्मू कश्मीर में 1-1 सीट पर आज वोट डाले जा रहे हैं।

–आईएएनएस

एसटीपी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More