यूपी में दूसरे चरण में 8 लोकसभा सीटों पर मतदान, कई दिग्गजों की दांव पर साख

लखनऊ, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को यूपी की आठ सीटों पर मतदान होगा। इस चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है।

इस चरण में यूपी की मथुरा, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर और अलीगढ़ लोकसभा सीट पर वोटिंग होनी है। 2019 के लोकसभा चुनाव में अमरोहा सीट को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने कमल खिलाया था।

मेरठ लोकसभा सीट से भाजपा के अरुण गोविल, सपा से सुनीता वर्मा और बसपा से देववृत त्यागी चुनाव मैदान में हैं। तीनों के बीच रोचक मुकाबला होने की पूरी संभावना है।

अमरोहा सीट पर 2019 के चुनाव में बसपा से कुंवर दानिश अली जीते थे। इस बार वह सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला भाजपा के कंवर सिंह तंवर से है। बसपा ने मुजाहिद हुसैन को मैदान में उतारा है।

बागपत से भाजपा ने अपनी सहयोगी रालोद के राजकुमार सांगवान को टिकट दिया है। भाजपा के साथ ही रालोद ने अपने परंपरागत वोटबैंक को साधने की कोशिश की है। बसपा ने प्रवीण बैसला को उतारा है। इंडी गठबंधन ने अमरपाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

गाजियाबाद से भाजपा ने जनरल वीके सिंह का टिकट काटकर विधायक अतुल गर्ग को मैदान में उतारा है। इंडी गठबंधन ने डॉली शर्मा और बसपा ने नंदकिशोर पुंडीर को चुनावी मैदान में उतारा है।

गौतमबुद्ध नगर से भाजपा ने डॉ. महेश शर्मा को तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। इंडी गठबंधन ने डॉ. महेंद्र सिंह नागर तो बसपा ने राजेंद्र सिंह सोलंकी को टिकट दिया है।

मथुरा से भाजपा की प्रत्याशी हेमा मालिनी तीसरी बार मैदान में हैं। उनके सामने इंडी गठबंधन के मुकेश धनगर और बसपा से सुरेश सिंह हैं। अलीगढ़ से भाजपा ने तीसरी बार सतीश कुमार गौतम को अपना उम्मीदवार बनाया है। सपा ने चौधरी बिजेंद्र सिंह पर दांव लगाया है। बसपा ने हितेंद्र कुमार बंटी को टिकट दिया है।

बुलंदशहर से भाजपा ने डॉ. भोला सिंह को उतारा है। इंडी गठबंधन ने शिवराम वाल्मीकि को टिकट दिया है। जबकि, बसपा ने गिरीश चंद पर दांव खेला है।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दूसरे चरण में कुल 1,67,77,198 मतदाता हैं, जिसमे 90,26,051 पुरुष, 77,50,356 महिला और 791 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

सबसे अधिक मतदाता गाजियाबाद (29 लाख, 45 हजार 487) तथा सबसे कम मतदाता बागपत (16 लाख 53 हजार 146) लोकसभा क्षेत्र में हैं। सबसे अधिक 15 प्रत्याशी गौतम बुद्ध नगर और मथुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र तथा सबसे कम 6 प्रत्याशी बुलंदशहर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हैं। दूसरे चरण में कुल 17704 पोलिंग बूथ तथा 7797 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 3472 क्रिटिकल हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More