मतदान के दिन मानव-वन्य जीव टकराव की घटना न हो, इसे लेकर चुनाव आयोग का अलर्ट

रांची, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के जिन वन क्षेत्रों में मानव और वन्य जीवों में टकराव की घटनाएं होती हैं, वहां मतदान के दिन किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो, इसे लेकर चुनाव आयोग ने वन विभाग को अलर्ट किया है।

इस मुद्दे पर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को वन विभाग के आला अफसरों के साथ बैठक की और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित वन प्रमंडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में चिह्नित वन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के आस-पास मतदान दिवस के दिन मानव एवं वन्यजीव टकराव को रोकने का भरसक प्रयास करें। इसके लिए संबंधित मतदान केंद्र के आसपास के निवासियों को भी सचेत करें कि किसी अनहोनी की संभावना नहीं बने और सुगमता से लोग अपने मतदान केंद्रों पर जाकर मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उन्होंने कहा कि समय रहते स्थिति का आकलन कर संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More