महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर श्रीलंकाई कप्तान अथापथु

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में नाबाद 195 रन की पारी के बाद श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु मंगलवार को जारी नई आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर लौट आईं।

अथापथु का ये नौवां वनडे शतक था जो महिला वनडे मैचों में सफल लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वोच्च स्कोर है। वो इंग्लैंड की हरफनमौला खिलाड़ी नताली साइवर-ब्रंट को पछाड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंच गईं।

आईसीसी की रिपोर्ट के अनुसार, बाएं हाथ की यह खिलाड़ी इससे पहले 3 से 12 जुलाई, 2023 तक बेथ मूनी और फिर साइवर-ब्रंट को पछाड़कर नंबर एक स्थान हासिल किया था।

श्रीलंकाई खिलाड़ी ने ऑलराउंडर रैंकिंग में भी दो स्थान की छलांग लगाकर नौवें स्थान के साथ शीर्ष 10 में प्रवेश किया।

दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट नाबाद 184 रन बनाकर दो पायदान ऊपर तीसरे स्थान पर पहुंच गईं, जिससे उनकी टीम ने तीसरे वनडे में पांच विकेट पर 301 रन का विशाल स्कोर बनाया।

वेस्टइंडीज की कप्तान हेले मैथ्यूज पाकिस्तान में नाबाद 140 और 44 रन की पारियों के बाद बल्लेबाजी रैंकिंग में सात स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 11वें स्थान पर पहुंच गईं। वह वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में भी तीन स्थान की छलांग लगाकर दक्षिण अफ्रीका की मारिजैन कैप के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।

–आईएएनएस

एएमजे/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More