चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा

केदारनाथ, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 10 मई से शुरू होने जा रही है। जिसके लिए प्रशासन और पर्यटन विभाग के साथ स्वास्थ्य विभाग और पीडब्ल्यूडी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।

सोमवार को उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी केदारनाथ धाम पहुंची। उन्होंने पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का जायजा लेते हुए समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आस्था पथ, गेस्ट हाउस, मंदाकिनी- सरस्वती घाट, म्यूजियम, केदारनाथ मंदिर परिसर, शिव उद्यान, हॉस्पिटल सहित अन्य निर्माणाधीन कामों का जायजा लेते हुए तय डेडलाइन से पहले सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने वर्तमान में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास के कामों की जानकारी ली। केदारनाथ मंदिर परिसर के सामने बन रहे भवनों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसियों और जिलाधिकारी से भवनों का उद्देश्य पूछा। वहीं, सभी एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने भवनों के निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी को अधिक संसाधनों का प्रयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए गोल चबूतरे से मंदिर परिसर तक कॉरिडोर का कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रेन शेल्टर, मंदाकिनी एवं सरस्वती नदियों के घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए पूरे क्षेत्र में क्या व्यवस्थाएं और सुविधा दी जाएगी, उसकी जानकारी ली।

उन्होंने सभी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्यों में इस्तेमाल हो रही सामाग्री की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने समस्त अधिकारियों, कर्मचारी और निर्माण एजेंसियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी के साझा समन्वय से कठिन परिस्थितियों के बीच बेहतरीन कार्य हो रहा है, इसे आगे भी जारी रखते हुए समय पर सभी कार्य पूरे किए जाएं।

उन्होंने निर्माण कार्यों में जुटे मजदूरों और कर्मचारियों से बातचीत करते हुए उनका हालचाल जाना और उनका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखने और यात्रा सुगम-सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा।

–आईएएनएस

स्मिता/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More