सपा-कांग्रेस के परिवारवाद और तुष्टीकरण पर ऐसा लगा ताला, दोनों शहजादों को उसकी चाबी भी नहीं मिल रही : पीएम मोदी

अलीगढ़, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा-कांग्रेस के परिवारवाद और तुष्टीकरण पर ऐसा ताला लगा कि दोनों शहजादों को उसकी चाबी भी नहीं मिल रही। अच्छे भविष्य की चाबी भी जनता के पास है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अलीगढ़ में सोमवार को एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश को गरीबी, भ्रष्टाचार, परिवारवादी राजनीति से मुक्त कराने का समय आ गया है। इसके लिए जरूरी है फिर एक बार मोदी सरकार। पिछली बार जब मैं अलीगढ़ आया था, तब मैंने आप सबसे अनुरोध किया था कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की फैक्ट्री में ताला लगा दीजिए। आपने ऐसा मजबूत ताला लगाया कि दोनों शहजादों को आज तक इसकी चाबी नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि अच्छे भविष्य, विकसित भारत की चाबी भी आपके ही पास है। अब देश को गरीबी से पूरी तरह मुक्त कराने, देश को भ्रष्टाचार से पूरी तरह मुक्त कराने का, देश को परिवारवादी राजनीति से मुक्त कराने का समय आ गया है। इसके लिए जरूरी है फिर एक बार मोदी सरकार। देश से बड़ा कुछ नहीं होता। देश का इतना महत्वपूर्ण चुनाव चल रहा है, हमें सारे काम छोड़कर वोट करना चाहिए। सुबह-सुबह धूप निकलने से पहले, जलपान से पहले आपको मतदान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दंगे, हत्या, गैंगवार, फिरौती आदि तो सपा सरकार का ट्रेडमार्क ही था, यही उनकी पहचान थी और उनकी राजनीति भी इसी से चलती थी। लेकिन, अब सीएम योगी की सरकार में अपराधियों की हिम्मत नहीं है कि वो नागरिकों का अमन-चैन बिगाड़ें। पहले आर्टिकल 370 के नाम पर जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी शान से जीते थे और हमारे फौजियों पर पत्थर चलाते थे। अब इन सब पर फुल स्टॉप लग गया है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More