चौधरी साहब को ‘भारत रत्न’ राष्ट्र के नवनिर्माण में असाधारण योगदानों का अभिनंदन है : सीएम योगी

लखनऊ, 30 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पी.वी. नरसिम्हा राव, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न मिलने पर उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि ‘देश की समृद्धि का रास्ता गांव के खेत एवं खलिहानों से होकर जाता है’ के उद्घोषक पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को नई दिल्ली में आज राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ सम्मान दिया जो राष्ट्र के नव-निर्माण में उनके असाधारण योगदानों का अभिनंदन है। गांव, गरीब, वंचित, शोषित और अन्नदाता किसानों के समग्र उत्थान को समर्पित चौधरी साहब के अविस्मरणीय कार्यों ने भारतीय राजनीति को उत्कृष्ट लोकतांत्रिक मूल्यों से सुवासित किया।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव को भारत रत्न मिलने पर हर्ष जताया। सीएम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव के कुशल नेतृत्व और लोक-कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से भारत के आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त हुई। भारत को समृद्ध और उन्नत बनाने में उनके योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेंगे।

योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि महान कृषि वैज्ञानिक, हरित क्रांति के जनक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन जी को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से विभूषित किया गया। उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता और दूरदर्शिता से देश में कृषि के उत्थान एवं अन्नदाता किसानों की समृद्धि और खुशहाली के एक नए युग की शुरुआत हुई।

सीएम ने एक्स पर लिखा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ‘जननायक’ कर्पूरी ठाकुर जी को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाना एक गौरवपूर्ण क्षण है। ‘सामाजिक न्याय’ को समर्पित उनका पूरा जीवन भारतीय राजनीति के लिए सदैव एक आदर्श प्रतिमान रहेगा।

–आईएएनएस

विकेटी/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More