मध्य प्रदेश की तीन सीटों पर कांग्रेस में उलझन बरकरार

भोपाल, 29 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में एक तरफ लोकसभा के चुनाव का प्रचार जोर पकड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अब भी तीन संसदीय क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों के नाम तय नहीं कर पाई है। पार्टी अब भी उलझन में है कि यहां किसे मैदान में उतारा जाए।

राज्य में लोकसभा की 29 सीटें हैं इनमें से कांग्रेस को 28 सीटों पर उम्मीदवार तय करने हैं और एक सीट आपसी समझौते के चलते समाजवादी पार्टी के खाते में गई है।

कांग्रेस अब तक 25 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है, मगर तीन संसदीय सीटें मुरैना, ग्वालियर और खंडवा ऐसी हैं जहां अंतिम तौर पर फैसला नहीं हो पाया है।

कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि जो तीन सीटें बची हैं, वहां नेताओं में आपसी सहमति नहीं बन पा रही है और जातीय समीकरण के चलते बेहतर उम्मीदवार भी पार्टी के लिए खोजना आसान नहीं है। इसी वजह से उम्मीदवारों के चयन में देरी हो रही है, फिर भी संभावना है कि जल्द ही नाम तय हो जाएंगे।

एक तरफ जहां कांग्रेस के तीन सीटों पर उम्मीदवार तय नहीं हो पाए हैं, वहीं समाजवादी पार्टी खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लिए उम्मीदवार का नाम तय नहीं कर पाई है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बात की चिंता है कि उम्मीदवार घोषित किए जाने में हो रही देरी का असर चुनाव प्रचार पर पड़ेगा।

–आईएएनएस

एसएनपी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More