टाटा पावर ने अयोध्या जाने वाले प्रमुख मार्गों पर लगाए ईवी चार्जिंग पॉइंट

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। टाटा पावर ने इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को अपनाने में तेजी लाने के लिए अयोध्या और उसके आसपास महत्वपूर्ण मार्गों पर चार्जिंग पॉइंट तैनात करने के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) के साथ सहयोग किया है।

टाटा पावर की यह पहल रणनीतिक रूप से ईवी चार्जिंग पॉइंट की स्थापना के माध्यम से अयोध्या को आसपास के प्रमुख शहरों से जोड़ती है।

कंपनी ने कहा, ”यह चार्जिंग पॉइंट राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 27 पर अयोध्या से लखनऊ, एनएच 330 पर अयोध्या से रायबरेली, एनएच 330 पर अयोध्या से प्रयागराज, और एनएच 27 पर अयोध्या से गोरखपुर जैसे मार्गों पर लगाए गए हैं।”

टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड के सीईओ और प्रबंध निदेशक दीपेश नंदा ने कहा, ”ये चार्जिंग पॉइंट स्टेशन पर्यावरण प्रबंधन में मददगार साबित होंगे। ये नेट ज़ीरो उत्सर्जन की दिशा में एक कदम है। हम साथ मिलकर एक टिकाऊ कल को आकार दे रहे हैं जिससे हम सभी को लाभ होगा।”

80,000 से अधिक होम चार्जर, 5,300 से अधिक सार्वजनिक, अर्ध-सार्वजनिक और फ्लीट चार्जिंग पॉइंट और 850 से अधिक बस चार्जिंग स्टेशनों के साथ, टाटा पावर ने कहा कि वह पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की दिशा में बदलाव लाने में सबसे आगे है।

अयोध्या के आयुक्त गौरव दयाल ने कहा, “ये चार्जिंग पॉइंट न केवल हमारे शहर के बुनियादी ढांचे को बढ़ाते हैं बल्कि पर्यावरण-चेतना और प्रगति के एक नए युग की शुरुआत भी करते हैं।”

–आईएएनएस

एमकेएस/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More