आरसीबी ने चेन्नई को दिया 174 रन का लक्ष्य

चेन्नई, 22 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2024 के पहले मैच में यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स के समक्ष जीत के लिए 174 रन का लक्ष्य रखा।

विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत ने 25 गेंद पर 48 रन और दिनेश कार्तिक ने 26 गेंद पर नाबाद 38 रन की धुआंधार पारी खेलकर एक समय संकट में दिख रही आरसीबी का स्कोर 20 ओवर में छह विकेट पर 173 रन पर पहुंचाया। रावत 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर सिंगल चुराने की कोशिश में रनआउट हो गये। टीम ने 11.4 ओवर में 78 रन पर टॉप पांच बल्लेबाजों को गंवा दिया था। इसके बाद दोनों ने 50 गेंदों में 95 रन की साझेदारी की। रावत ने तीन छक्के और चार चौके लगाये। कार्तिक ने भी दो छक्के और तीन चौके जड़े।

चेन्नई की ओर से मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट चटकाये।

टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरे आरसीबी को कप्तान फॉफ डु प्लेसिस (23 गेंद पर 35 रन) और विराट कोहली (20 गेंद पर 21 रन) ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 4.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। रहमान ने अपने पहले और मैच के पांचवें ओवर में डु प्लेसिस को रविंद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर रजत पाटीदार बिना कोई खाता खोले विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी को कैच थमा बैठे।

अगले ही ओवर में दीपक चाहर ने ग्लेन मैक्सवेल को शून्य पर आउट कर दिया।

मैच के 11वें और अपने दूसरे ओवर में रहमान ने एक बार फिर आरसीबी को दो झटके दिये। कोहली रवींद्र जडेजा के हाथों कैच आउट हुए जबकि कैमरन ग्रीन (18) बोल्ड हो गये।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More