बिहार में भाजपा 17 और जेडीयू 16 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव, चिराग पासवान को भी मिली 5 सीट

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में एनडीए गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है। बिहार में भाजपा 17 और जेडीयू 16 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी हाजीपुर सहित 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के खाते में एक-एक सीट गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से राजू तिवारी और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से रजनीश कुमार ने भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीटों के बंटवारे का ऐलान किया।

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए बताया कि भाजपा बिहार में 17 और जनता दल यूनाइटेड 16 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम के खाते में एक-एक सीटें आई हैं।

जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा ने कहा कि बिहार में जहां विपक्षी गठबंधन में अभी तक स्थिति साफ नहीं है, वहीं, एनडीए गठबंधन में सबकुछ तय हो गया है और हमारा गठबंधन इस बार बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटें जीतने जा रहा है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि 2019 के पिछले चुनाव में बिहार में 3 दल एनडीए में शामिल थे और इस बार दो और दल हमारे साथ जुड़े हैं। एनडीए गठबंधन बिहार में सभी 40 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने जा रहा है।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More