बिहार की बाल विवाह पीड़िता ने की कर्नाटक में खुदकुशी

बेंगलुरु, 18 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की बाल विवाह पीड़ित एक नाबालिग लड़की ने यहां आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पीड़िता नीलम कुमारी ने 13 मार्च को बेंगलुरु के बाहरी इलाके हेब्बागोडी के पास अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। उसके पति विशाल कुमार साहनी को नाबालिग से शादी करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में जिला बाल कल्याण समिति से जुड़ी कार्यकर्ता श्रीदेवी ने शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी एक साल पहले बिहार से बेंगलुरु आया था और पेंटर का काम करता था। उसने पिछले साल फरवरी में नीलम कुमारी से शादी की और 20 दिन पहले उसे बेंगलुरु ले आया। वे तिरुपाल्या इलाके में किराए के मकान में रहते थे, जहां शव लटका हुआ मिला।

पुलिस को संदेह है कि पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध आरोपी उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था, इससे वह तनाव में थी। सूत्रों ने बताया कि जिला बाल संरक्षण अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और हेब्बागोडी पुलिस को रिपोर्ट सौंपी है।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More