बिहार में सभी सात चरणों में लोकसभा चुनाव, पहले चरण में औरंगाबाद और गया में मतदान

पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए शनिवार को तारीखों की घोषणा कर दी। पूरे देश में सात चरणों में चुनाव होने हैं। बिहार में भी लोकसभा चुनाव 2019 की तरह इस बार भी सभी चरणों में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।

चुनाव आयोग के मुताबिक पहले चरण में 19 अप्रैल को चार लोकसभा सीटों औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई में मतदान होगा। जबकि, दूसरे चरण में 26 अप्रैल को पांच लोकसभा सीटों किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

तीसरे चरण में 7 मई को झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया, चौथे चरण में 13 मई को दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर और पांचवें चरण में 20 मई को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर लोकसभा क्षेत्रों में मत डाले जाएंगे।

इसके अलावा छठे चरण में 25 मई को वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज में मतदान होगा। सातवें और अंतिम चरण के चुनाव में 1 जून को नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र के मतदाता मतदान करेंगे।

उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी बिहार में सात चरणों में चुनाव कराए गए थे। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा, जदयू और लोजपा के एनडीए गठबंधन ने बिहार में विरोधियों का सूपड़ा साफ कर दिया था। विपक्ष के खेमे में सिर्फ एक सीट गई थी, जो कांग्रेस के हिस्से आई थी। 2019 में भाजपा ने अपनी सभी 17 सीटें जीती थी जबकि, जदयू को 16 सीटें मिली थी। दिवंगत रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने अपनी सभी 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More