अमित चिमनानी की किताब ‘मोदी मैजिक’ का मनसुख मांडविया ने किया विमोचन

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी की किताब ‘मोदी मैजिक’ का दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने विमोचन किया। उनकी इस किताब में यूपीए और मोदी सरकार की तुलना आंकड़ों के साथ की गई है।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने अमित चिमनानी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह किताब ‘मोदी मैजिक’ कई क्षेत्रों की तथ्यात्मक जानकारी देती है। आंकड़ों के साथ सरकारों के कार्यों को प्रस्तुत करना निश्चित ही सराहनीय कार्य है। इससे सभी को सरकार के कार्यों को समझने में आसानी होगी।

अमित चिमनानी ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से इस किताब पर काम कर रहे थे। यह किताब आने वाले 50 वर्षों के लिए एक रेफरल का काम करेगी, क्योंकि इस किताब में यूपीए और मोदी सरकार के 10-10 सालों के कार्यकाल की आंकड़ों के आधार पर तुलना की गई है। इस किताब में दोनों सरकारों में जीडीपी, महंगाई दर, टैक्स कलेक्शन, राज्यों को दी गई राशि, विदेशी निवेश, एक्सपोर्ट, रक्षा और रेलवे क्षेत्र में किए गए कार्य, युवा, महिला, किसानों के लिए चलाई गई योजनाएं, मध्यम वर्ग, गरीबों के लिए किए गए कार्य, धार्मिक विरासत को पुनर्जीवित करने का काम, विकसित भारत की दिशा में कार्य, मेक इन इंडिया, भारत में तकनीक का उपयोग, 20 वर्षों के विभिन्न मंत्रालयों के बजट सहित कई ऐसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

अमित चिमनानी ने बताया कि इस किताब की एक और खास बात यह भी है कि लगभग हर विषय के बाद उस क्षेत्र से जुड़ी हुई नामी हस्तियों ने अपना एक्सपर्ट कमेंट भी दिया है, जिसमें आध्यात्मिक गुरु, राष्ट्रीय अर्थशास्त्री, टैक्स एक्सपर्ट्स, सीए संगठन, टैक्स संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष, यहां तक की अंतरराष्ट्रीय व्यापार संघ से जुड़े लोगों के भी कमेंट किताब में शामिल किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार जनता का विश्वास हासिल करने के लिए मैदान में हैं। उनकी यह किताब लोकसभा चुनाव के दृष्टिकोण से निर्णय करने में बेहद उपयोगी साबित होगी। जनता जब तथ्यों और आंकड़ों के साथ दोनों सरकारों के कार्यों को देखेगी, तो यह मालूम पड़ेगा कि मोदी सरकार द्वारा किया गया कार्य किसी चमत्कार से कम नहीं है, इसलिए इस किताब का नाम ‘मोदी मैजिक’ है।

अमित चिमनानी ने दिल्ली में पत्रकारों से भी चर्चा कर कई आंकड़े शेयर किए और उन्हें अपनी किताब भेंट की। अमित चिमनानी ने बताया कि उनका उद्देश्य आंकड़ों के माध्यम से लोगों को जानकारी पहुंचाना है। अतः वह इस किताब को बेचेंगे नहीं, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों सहित कई वर्गों को यह किताब वह मुफ्त देंगे। साथ ही जनता इसे अमित चिमनानी की स्वयं की वेबसाइट मोदीमैजिक्स डॉट कॉम (Modimagics.com) से डाउनलोड कर सकेगी।

–आईएएनएस

एसके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More