बेटी की हत्या कर गड्ढे में लाश दफनाने के आरोपी पिता सहित छह गिरफ्तार

रांची, 11 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू में कुल्हाड़ी मारकर अपनी 16 वर्षीया बेटी की हत्या करने और उसकी लाश गड्ढे में दफन करने के आरोपी पिता मथुरा सिंह और उसके पांच साथियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है।

यह जानकारी सोमवार को पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने दी।

पुलिस को 8 मार्च को सूचना मिली थी कि एक लड़की का शव चैनपुर के सलतुआ में नदी के पास फेंका हुआ है। दो दिनों की पड़ताल के बाद पुलिस ने लड़की की पहचान पम्मी कुमारी के रूप में की थी।

एसपी ने बताया कि बेटी की हत्या कर शव छिपाने के आरोप में उसके पिता मथुरा सिंह, भाई जितेंद्र सिंह समेत संजय सिंह, हरेंद्र सिंह, बिगु सिंह, रामचंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि मथुरा सिंह गांजा और शराब पीने का आदी है। इसे लेकर 15 साल की उसकी बेटी पम्मी कुमारी विरोध करती थी, जिससे पिता-पुत्री में विवाद होता था।

पम्मी पिता को शराब पीने से रोकती थी। इससे मथुरा सिंह का उसके साथ कई बार झगड़ा हो चुका था। मथुरा सिंह ने नशे की हालत में बेटी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी और उसके शव को गड्ढे में दफनाने के बाद फरार हो गया था।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More