कर्नाटक में पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने के आरोप में दो भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

बेंगलुरु, 5 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक पुलिस ने मंगलवार को दो भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को नवंबर 2022 में मांड्या शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान धनायकापुरा निवासी रवि और मांड्या निवासी शिवकुमार आराध्या के रूप में हुई है।

वकील कन्नामबड़ी कुमार ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना के करीब डेढ़ साल बाद कार्रवाई की।

कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थक नारे भाजपा सरकार के शासनकाल के दौरान लगाए थे। अब, मांड्या एसपी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

राज्य के गृहमंत्री से पत्रकारों ने पूछा, अब गिरफ्तारियां क्यों की गईं? इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है।

उन्होंने सवाल किया, यह घटना तब हुई जब भाजपा सत्ता में थी, लेकिन उन्होंने कार्रवाई क्यों नहीं की?

इस बीच, रवि और आराध्या ने गिरफ्तारी से पहले कहा था कि वे कट्टर भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कसम खाई और कहा कि यदि उनका गला भी काट दिया जाए तब भी वे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे नहीं लगाएंगे। हम केवल ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाएंगे। जैसे ही नारे हिंदी में लगाए गए तो भ्रम की स्थिति पैदा हो गई और ‘मुर्दाबाद’ की जगह ‘जिंदाबाद’ कह दिया था। दोनों ने इसके लिए माफी भी मांगी थी।

–आईएएनएस

एफजेड/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More