भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक वैचारिक यात्रा : जयराम रमेश

ग्वालियर, 3 मार्च (आईएएनएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को वैचारिक यात्रा बताया है। यह यात्रा इन दिनों मध्य प्रदेश से गुजर रही है।

इस यात्रा को लेकर ग्वालियर में चर्चा करते हुए रमेश ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष की एक विशाल रैली में शामिल होने के लिए पटना गए हैं, इस कारण रविवार दोपहर की यात्रा नहीं हुई।

इससे पहले गांधी ने रविवार सुबह पूर्व सैनिक एवं अग्निवीरों से 40 मिनट तक बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी। रमेश ने कहा, कई ऐसे युवा मिले जिन्होंने 2021 में रिक्रूटमेंट के लिए आवेदन किया, परंतु उन्हें आज तक रिक्रूटमेंट लेटर नहीं मिला, ऐसे युवाओं की संख्या डेढ़ से दो लाख है। ये लोग जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने गए तो इन्हें धमकी दी गई। सरकार ने हर कदम पर वादाखिलाफी की है।

जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक वैचारिक यात्रा है। इसमें पांच न्याय प्रमुख हैं — किसान न्याय, युवा न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय एवं हिस्सेदारी न्याय। इनमें दो न्याय के लिए गारंटी दी जा चुकी है। पहले किसान न्याय जिसके तहत एमएसपी की लीगल गारंटी के लिए कानून हम लाएंगे तथा डॉक्टर स्वामीनाथन का फार्मूला लागू करेंगे।

दूसरा, हिस्सेदारी न्याय को हासिल करने के लिए हम जाति जनगणना करेंगे, 2021 में जातिगत जनगणना होनी थी, परंतु नहीं हुई।

इस मौके पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

–आईएएनएस

एसएनपी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More