महिला से अभद्रता के एक और मामले को लेकर ममता और टीएमसी पर बरसे अमित मालवीय

नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। संदेशखाली मामले को लेकर पश्चिम बंगाल की ममता सरकार विवादों में फंसी हुई है। इस मामले को लेकर लगातार भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य दल सड़क पर उतरकर अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। संदेशखाली में महिलाओं के साथ हुए शोषण को लेकर ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

वहीं, भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय लगातार संदेशखाली मामले को लेकर टीएमसी सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। उन्होंने अब ममता बनर्जी की पार्टी के एक और विधायक पर महिला के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के पटाशपुर से टीएमसी विधायक उत्तम बारिक की कुछ तस्वीर शेयर की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ”ममता बनर्जी और टीएमसी नेताओं ने पश्चिम बंगाल के हर कोने को संदेशखाली बना दिया है। उनके विधायक सरकारी लाभ के बदले गरीब महिलाओं का शोषण कर रहे हैं।”

अमित मालवीय ने आगे बताया, “पटाशपुर विधानसभा से टीएमसी विधायक उत्तम बारिक को एक कार्यक्रम में एक महिला के साथ दुर्व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है, जहां वह सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सामान वितरित कर रहे हैं।”

उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि टीएमसी विधायक ने अपने फेसबुक पर ऐसी तस्वीरें पोस्ट करने का दुस्साहस किया। जैसे कि अन्य महिलाओं को यह बताना हो कि अगर वे सरकारी लाभ की उम्मीद करती हैं तो उन्हें इस तरह के अपमान के लिए तैयार रहना होगा।

इसके साथ ही अमित मालवीय ने टीएमसी विधायक उत्तम बारिक का फेसबुक पोस्ट भी साझा किया है, जिसमें टीएमसी विधायक एक कार्यक्रम में अपने विधानसभा क्षेत्र में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों को सामान वितरित कर रहे हैं।

–आईएएनएस

एसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More