गाजियाबाद में पत्नी की गला काटकर की हत्या, बेटी और खुद को भी किया घायल, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

गाजियाबाद, 16 फरवरी (आईएएनएस)। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना इलाके में शुक्रवार को एक बड़ी वारदात हुई, जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। उसके बाद अपनी बच्ची और खुद को भी घायल कर लिया, दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद में लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बेहटा इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक शख्स ने पत्नी और बेटी का उस्तरे से गला काट दिया। इसके बाद खुद का भी गला काट लिया। पत्नी की मौत हो गई है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे घरेलू कलह होना बताया जा रहा है।

गाजियाबाद के पिलखुवा में मुकीमपुर गांव निवासी 25 वर्षीय जावेद का निकाह साल 2020 में नई दिल्ली की सुंदरनगरी निवासी 23 वर्षीय सबरीन से हुआ था। जावेद गाजियाबाद के बेहटा इलाके में एक मोबाइल शॉप पर काम करता है। वो पत्नी और बेटी सहित यहीं पर एक मकान में रहता है। दोनों का कई सालों से विवाद चल रहा है।

सबरीन पिछले करीब 8 महीने से मायके में थी। वो 20 दिन पहले ही जावेद के पास आई थी। शुक्रवार को दोनों में विवाद हुआ तो जावेद ने पत्नी सबरीन और 3 वर्षीय बेटी हिबा का गला उस्तरे से रेत दिया। इसके बाद जावेद ने खुद को भी उस्तरे मार लिए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। लोगों ने जैसे-तैसे दरवाजा तोड़ा। वहां तीनों बेहोश अवस्था में पड़े थे।

बाद में इन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सबरीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्री का इलाज दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। इनका मुकदमा महिला थाने में भी चल रहा था।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More