रेल यात्रियों की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ ने उठाए ऐसे कदम

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जनवरी 2024 में अपने कई अभियानों के तहत सराहनीय उपलब्धियां हासिल की। ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत गुमशुदा बच्चों को लेकर आरपीएफ ने अभियान चलाया और 549 से अधिक बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ये बच्चे विभिन्न कारणों से अपने परिवारों से अलग हो गए थे और आरपीएफ ने उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कराई।

वहीं, आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत सतर्क होकर त्वरित कार्रवाई करते हुए 233 यात्रियों की जान बचाई, जो चलती ट्रेनों से उतरते या चढ़ते समय प्लेटफॉर्म और रेलवे ट्रैक पर दुर्घटनावश गिर गए थे और पहियों के नीचे फंसने से बाल-बाल बचे थे। महिला यात्रियों को सशक्त और सुरक्षित बनाने की आरपीएफ की पहल ‘मेरी सहेली’ शुरू की गई। इसके तहत जनवरी के महीने में ‘मेरी सहेली’ की 229 टीमों ने 13,615 ट्रेनों में यात्रा की और देशभर के 4.1 लाख महिला यात्रियों को सुरक्षा आश्वासन दिया।

आरपीएफ ने महिला यात्रियों के लिए आरक्षित कोचों में यात्रा करते पाए गए 7,402 व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की। दलालों पर नकेल कसने के लिए चलाई गई आरपीएफ की ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत जनवरी में 379 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की गई। इसके साथ ही इन सभी दलालों से 44.46 लाख रुपए मूल्य के आरक्षित रेलवे टिकटों को जब्त कर लिया गया।

नशाखुरानी या नशीली दवाओं का सौदा करने वाले और लोगों को लूटने वाले लोगों के खिलाफ आरपीएफ ने ऑपरेशन ‘नार्कोस’ चला रखा है। जिसके तहत 76 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिसकी कीमत 4.13 करोड़ रुपये थी। आरपीएफ ने रेल मदद पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 139 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 को एक साथ जोड़कर सुरक्षा संबंधी यात्री शिकायतों का तुरंत समाधान किया। जनवरी के महीने में 19,738 से अधिक शिकायतें इसके तहत प्राप्त हुईं जिसे हल करने के लिए प्रयास किया।

ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ ने रेल यात्रियों के खिलाफ अपराधों को रोकने और उनका पता लगाने के क्रम में 225 अपराधियों को गिरफ्तार किया, और उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित जीआरपी/पुलिस को सौंप दिया। ‘ऑपरेशन संरक्षण’ के तहत रेल यात्रियों की सुरक्षा बनाए रखने और रेलवे सेवाओं की सुरक्षा के तहत आरपीएफ ने जनवरी में चलती ट्रेनों पर पथराव जैसे कृत्य में शामिल 53 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

जरूरतमंदों की सहायता के तहत आरपीएफ ‘ऑपरेशन सेवा’ चलाती है, जिसमें जनवरी के महीने में रेल यात्रा के दौरान 227 बुजुर्ग, बीमार या घायल यात्रियों को सहायता प्रदान की गई। वहीं, अवैध माल की ढुलाई पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध तंबाकू उत्पाद और अवैध शराब जब्त की। 86 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 30.15 लाख रुपए बरामद किए। इसके अतिरिक्त नकदी 1.53 करोड़, 37.18 लाख रुपये का सोना, 11.67 लाख रुपये का चांदी भी बरामद किया।

–आईएएनएस

जीकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More