झारखंड के रामगढ़ में 90 हजार रुपए में बेच दी गई आठ माह की बच्ची, पुलिस कर रही जांच

रांची: झारखंड के रामगढ़ में एक दंपति की आठ माह की बच्ची को कथित रूप से 90 हजार रुपए में बेच दिया गया है। इसे लेकर रामगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन बच्ची को बरामद नहीं किया जा सका है।

शिकायत दर्ज कराने वाले राहुल साहनी के अनुसार, वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। चार महीने पहले एक सड़क दुर्घटना में उसका पैर टूट गया था। इस वजह से वह ऑटो नहीं चला पा रहा था। लगभग दो महीने पहले उसकी पत्नी बच्ची को लेकर हजारीबाग के चुरचू स्थित अपने मायके गई थी। वह 11 फरवरी को ही मायके से लौटी तो उसके साथ उसकी बच्ची नहीं थी।

बच्ची के बारे में पूछने पर उसकी पत्नी ने बताया कि कुछ दिन पहले राहुल कुमार राम और उनकी पत्नी रीता देवी ने उससे संपर्क किया था। दोनों ने उसे कहा कि पैर टूटने की वजह से तुम्हारा पति कुछ काम नहीं कर रहा है और तुम लोग अपनी बच्ची का पालन-पोषण ठीक से नहीं कर पा रहे हो। आरोपी दंपति ने उसे समझाया कि अभी तुम अपनी बच्ची हमें दे दो और हम उसकी अच्छी परवरिश करेंगे। जब तुम्हारा पति ठीक हो जाएगा, तो बच्ची को वापस ले जाना।

बच्ची के पिता ने शिकायत में कहा है जब उसने अपनी बच्ची वापस पाने के लिए राहुल कुमार राम और रीता देवी से संपर्क किया, तो उन्होंने बच्ची को लौटाने से इनकार कर दिया। दंपति ने बताया कि उन्होंने उसकी बच्ची को 90 हजार रुपए में बेच दिया है। बहरहाल, रामगढ़ पुलिस एफआईआर दर्ज कर छानबीन में जुटी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More