काहिरा बैठक में हमास की ओर से कोई नया प्रस्ताव नहीं : इज़राइल

जेरूसलम, 15 फरवरी (आईएएनएस)। इजराइल ने कहा है कि उसे काहिरा बैठक में संघर्ष विराम और बंधक-मुक्ति समझौते के लिए हमास से कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला। बैठक में कतर, मिस्र और अमेरिकी वार्ताकारों ने भाग लिया।

इजरायली प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने मंगलवार की बैठक पर पहली आधिकारिक टिप्पणी में एक बयान में कहा, “इजरायल को हमारे बंधकों की रिहाई के लिए हमास से कोई नया प्रस्ताव नहीं मिला है।” बैठक में इजरायल के मोसाद प्रमुख भी शामिल थे।

समाचार एजेंसी शिन्हुुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कार्यालय ने कहा कि नेतन्याहू “इस बात पर जोर देते हैं कि इजरायल हमास की अपमानजनक मांगों को नहीं मानेगा और हमास के रुख में बदलाव से बातचीत में प्रगति होगी।”

इससे पहले बुधवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि कोई सफलता नहीं मिली, लेकिन बातचीत में प्रगति हुई है।

हमास बंधकों की रिहाई के बदले युद्ध समाप्त करने की मांग कर रहा है, जबकि इज़राइल केवल समय-सीमित युद्धविराम पर सहमत है। दोनों पक्ष फ़िलिस्तीनी कैदियों की रिहाई को समझौते में शामिल करने के इच्छुक हैं, लेकिन रिहा किए जाने वाले कैदियों की संख्या पर भी असहमति है।

यह बैठक 131-दिवसीय युद्ध को समाप्त करने के लिए बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग के बीच हुई, जिसमें गाजा में कम से कम 28,576 फिलिस्तीनियों और लगभग 1,400 इजरायलियों की जान चली गई है।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More