राज्यसभा चुनाव में कर्नाटक के भाजपा विधायक ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया

बेंगलुरु, 27 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा विधायक एस.टी. सोमशेखर ने मंगलवार को यहां चल रहे राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया। यह बात सूत्रों ने बताई।

बेंगलुरु की यशवंतपुर सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले सोमशेखर ने मंगलवार को मतदान के बाद कहा, “मैंने अपना वोट उन लोगों को दिया है, जिन्होंने वादा किया था, मुझे आश्‍वासन दिया है।”

जब भाजपा विधायक से पूछा गया कि क्या उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को वोट दिया है तो वे कोई जवाब न देकर तुरंत विधान सौध से चले गए। सूत्रों ने पुष्टि की कि सोमशेखर ने कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार जी.सी.चंद्रशेखर के लिए अपना वोट डाला।

भाजपा के सूत्रों ने भी सोमशेखर द्वारा क्रॉस वोटिंग की पुष्टि की। पोलिंग एजेंट, भाजपा विधायक अरविंद बेलाड और वी. सुनील कुमार ने विपक्ष के नेता आर. अशोक और प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र को मैसेज किया था।

पार्टी अब केंद्रीय नेतृत्व से सलाह के बाद सोमशेखर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर विचार कर रही है।

सोमशेखर की क्रॉस वोटिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीएम एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा कि सोमशेखर अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास के बहाने भाजपा में शामिल हुए, “लेकिन तीन साल तक कैबिनेट मंत्री रहने के बाद उन्होंने केवल अपना विकास किया है”।

पलटवार करते हुए सोमशेखर ने कहा, “क्या कुमारस्वामी अवसरवादी नहीं हैं, वह कांग्रेस पार्टी के साथ हाथ मिलाकर सीएम बने थे, यह बात भूल गए? उन्हें इस तथ्य का सम्मान करते हुए उस समय पद अस्वीकार कर देना चाहिए था कि जनादेश उनके पक्ष में नहीं था।”

सोमशेखर 2019 में भाजपा में शामिल हुए थे और उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। 2023 में विधानसभा चुनाव के बाद सोमशेखर ने भाजपा से दूरी बनाए रखी और दावा किया कि अंदरूनी लोग उन्हें पार्टी में व्यवस्थित रूप से दरकिनार कर रहे थे।

उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने पहले कहा था कि उन्होंने वर्षों से सोमशेखर के साथ अपने रिश्ते को संजोकर रखा है। वहीं, सोमशेखर ने यह भी कहा था कि शिवकुमार उनके गॉडफादर हैं। हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव में भाजपा विधायक ने कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन किया था।

–आईएएनएस

एसजीके/एसजीके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More