“स्वावलंबी साड़ी संगम” परियोजना से महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

पूरी लगन और मेहनत से लें प्रशिक्षण, घर बैठे बढ़ाएं आमदनी : एलडीएम
गिरिडीह। नाबार्ड के सौजन्य से आइडिया (इंस्टीट्यूट फॉर डेवलपमेंट, एम्पावरमेंट एंड अवेयरनेस), गिरिडीह के द्वारा गिरिडीह जिले के आकांक्षी प्रखंड जमुआ की ग्राम पंचायत बेरहाबाद के ग्राम बेरहाबाद में “स्वावलंबी साड़ी संगम” परियोजना के अंतर्गत साड़ी निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार, 02 सितंबर 2026 को किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 02 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण का उद्घाटन एलडीएम, गिरिडीह अमृत चौधरी, नाबार्ड के डीडीएम सी.वी. हरिहरन, बेरहाबाद पंचायत की मुखिया सोनी देवी, पंचायत सचिव बाबुजान अंसारी, प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर खुशी शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता खुर्शीद अनवर हादी और पूर्व पंचायत समिति सदस्य हीरा देवी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एलडीएम अमृत चौधरी ने महिला प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें। प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों और कौशल का उपयोग भविष्य में स्वरोजगार तथा घर बैठे अपनी आमदनी बढ़ाने में करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से ग्रामीण महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
विशिष्ट अतिथि नाबार्ड के डीडीएम सी.वी. हरिहरन ने कहा कि “स्वावलंबी साड़ी संगम” जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक कौशल से जोड़ते हुए उन्हें आजीविका के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया। मुखिया सोनी देवी ने कहा कि साड़ी निर्माण प्रशिक्षण से पंचायत की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी।
परियोजना के तहत प्रत्येक बैच में 30 महिलाओं को 20 दिनों तक साड़ी निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। बिहार के भागलपुर से आए मास्टर ट्रेनर विश्वनाथ शाह ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को साड़ी निर्माण से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद स्वयं साड़ी निर्माण कर आय का स्थायी साधन विकसित कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीआरपी हसीना खातून, जाशरीन खातून, अनीता यादव, कंचन देवी, बबीता देवी, गुड़िया देवी, कुसुम देवी, चंपा देवी, नीलम कुमारी, आशा देवी, ललिता देवी, हेमंती देवी सहित कुल 30 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं को प्रशिक्षण के प्रति गंभीरता बरतने, नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने तथा सीखे गए कौशल को व्यावहारिक रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को साड़ी निर्माण के कौशल से प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
आइडिया संस्था की खुशी शर्मा ने बताया कि “स्वावलंबी साड़ी संगम” परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास, आजीविका संवर्धन एवं उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर आत्मनिर्भर बन सकें।
